Breaking News

6/recent/ticker-posts

मुनगंटीवार के गैरकानूनी होर्डिंग्स की चंद्रपुर में बाढ़


मनपा आयुक्त पालीवाल गहरी नींद में !

एक तरफ बाढ़ में 13 हजार हेक्टेयर फसल बर्बाद, 143 परिवार स्थलांतर से बिलख रहे तो दूसरी तरफ जन्मदिन की शुभकामनाएं जोरों पर

@चंद्रपुर
बीते पखवाड़े भर से जिले में सर्वत्र बारिश के चलते हाहाकार मचा है। 25 जुलाई 2023 के प्रशासनिक प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार जिले में 12 हजार 841 हेक्टेयर में लगी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। अतिवृष्टि के कारण अधिकांश किसानों पर दोबारा बुआई का संकट मंडरा रहा है। वहीं 30 जुलाई 2023 अर्थात आज ही प्रकाशित अखबार के रिपोर्टिंग में चंद्रपुर शहर के 143 परिवारों को बाढ़ के चलते मनपा के स्कूलों में स्थलांतरित करना पड़ा। इन हालातों के बीच जिले के पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार के जन्मदिन पर विभिन्न आयोजन किये जा रहे हैं। हैरत की बात है कि चंद्रपुर शहर के तमाम चौराहों पर गैरकानूनी व अवैध होर्डिंग्स लगाकर शहर को बदसूरत कर दिया गया है। इन अवैध होर्डिंग्स पर मनपा का कोड नंबर अंकित नहीं है। इससे साफ होता है कि मंत्री महोदय के चाहने वाले व भाजपाइयों ने मनपा के टैक्स की चोरी कर गैरकानूनी ढंग से चंद्रपुर में होर्डिंग्स लगाकर मुनगंटीवार को खूश करने की यथासंभव कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इस कुनीति को न तो पालकमंत्री मुनगंटीवार रोक रहे हैं और न ही मनपा आयुक्त विपिन पालीवाल को टैक्स चोरी से कोई फर्क पड़ रहा है। मानो आयुक्त यह सब देखकर भी गहरी नींद में सोये हुए हैं। उनका अतिक्रमण विरोधी दस्ता भी आज नदारद नजर आया। जबकि मनपा इमारत के प्रवेश द्वार पर ही अवैध होर्डिंग लगाया गया है।
 

एक ओर बाढ़ के हालात, दूसरी ओर अवैध होर्डिंग्स की बाढ़
ज्ञात हो कि सर्वत्र जोरदार बारिश के चलते हालात बिगड़े हुए हैं। यदि हम चंद्रपुर जिले की ही बात की जाएं तो 5 दिन पूर्व की सरकारी रिपोर्ट बताती है कि जिले में 22 हजार 835 किसानों पर कृषि संकट टूट पड़ा है। अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण जिले में 12 हजार 841 हेक्टेयर फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। जिन किसानों की फसलें सड़ चुकी हैं, उन पर दोबारा बुआई का संकट मंडरा रहा है। कर्ज में डूबने के लिए किसान मजबूर है। वहीं यदि आज, 30 जुलाई 2023 के अखबारों की रिपोर्ट पर नजर डाले तो ज्ञात होता है कि इरई नदी में बाढ़ के चलते चंद्रपुर शहर के नीचले इलाकों में पानी भर गया। यहां के 143 परिवारों को शुक्रवार से ही मनपा के विविध स्कूलों में स्थलांतरित करना पड़ा। यह परिवार अपने घर की हर वस्तु बर्बाद होने से बिलख रहे हैं। परंतु भाजपाइयों में पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार के जन्मदिन की शुभकामनाएं देने की होड़ मची है। समूचे चंद्रपुर शहर को अवैध होर्डिंग्स से बदसूरत करने का कृत्य मंत्री प्रेमी भाजपाइयों ने किया है। बावजूद मनपा आयुक्त विपीन पालीवाल की नींद नहीं खुल पा रही है। लिफाफा प्रेमी छत्रीछाप पत्रकारों को भी अवैध होर्डिंग्स की समस्या अब नजर नहीं आ रही है। इस मसले पर दबी आवाज में अब जनता भाजपा की असंवेदनशीलता, मनपा आयुक्त की अनदेखी व मीडिया की चुप्पी को लेकर चर्चा करने लगी है। 

नेताओं के अवैध होर्डिंग्स उतरवाने से डरते हैं आयुक्त ?
करोड़ों-लाखों रुपये कमाने वाले नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ठेकेदारों की ओर से समय-समय पर राजनीतिक दलों के अवैध होर्डिंग्स शहर में सर्वत्र अवैध ढंग से लगाये जाते हैं। मनपा आयुक्त  विपिन पालीवाल और उनका अतिक्रमण विरोधी विभाग का दस्ता इन अवैध होर्डिंग्स वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, टैक्स वसूलने, जुर्माना लगाने, होर्डिंग्स उतरवाने से डरता है। आमतौर पर मनपा आयुक्त विपिन पालीवाल इन करोड़पति नेताओं के अवैध होर्डिंग्स पर काफी मेहरबान नजर आते हैं। लेकिन जैसे ही कोई सामाजिक संगठन, छोटे संस्थान या छोटे दलों की ओर से अवैध होर्डिंग्स लगाये जाते हैं तो आयुक्त कानून व नियमों का हवाला देते हुए कार्रवाई करने में अग्रसर दिखाई पड़ते हैं। इसके चलते मनपा के साख पर लगातार बट्‌टा लग रहा है। मनपा की नीतियां कलंकित होते देख जनता आश्चर्य व्यक्त करने लगी है।
 

मनपा आयुक्त पर राजनीतिक दलों का खौफ
उल्लेखनीय है कि स्वच्छ शहर, सुंदर शहर नाम का मिशन चलाने वाली चंद्रपुर महानगर पालिका अब इन दिनों सुंदर उद्यान स्पर्धा चला रही है। इसके पूर्व मार्ग किनारे के दीवारों को सुंदर चित्रकारी से रंगने की स्पर्धा वे चला चुके हैं। लेकिन राजनीतिक दलों की ओर से शहर में सर्वत्र अवैध होर्डिंग्स लगाकर शहर की सुंदरता को बर्बाद करने वालों के खिलाफ मनपा आयुक्त विपिन पालीवाल सख्त नजर नहीं आते। राजनीतिक दलों व नेताओं के खौफ के आगे मनपा प्रशासन बौनी नजर आ रही है।

जे. पी. नड्‌डा हो या सुधीर मुनगंटीवार, भाजपा से मनपा का गहरा रिश्ता क्यों ?
भारतीय जनता पार्टी की ओर से चंद्रपुर में गत 2 जनवरी 2023 को विजय संकल्प जाहिर सभा का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्‌डा एवं अन्य आला नेताओं की उपस्थिति थी। इसके एक दिन पूर्व और आयोजन के दिन संपूर्ण चंद्रपुर शहर को अवैध होर्डिंग्स से बुरी तरह से पाटा गया था। परंतु इमानदारी और समान न्याय करने का चोला ओढने वाले मनपा आयुक्त विपिन पालीवाल और उनका अतिक्रमण विरोधी दस्ता अचानक से इन दो दिनों के लिए गायब हो गया था। न कहीं किसी चौराहे पर, न किसी मार्ग पर अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई की गई और न ही मनपा की ओर से भाजपा को नियमों का पाठ पढ़ाया गया। अब जब शहर के नागरिक बाढ़ से जूझ रहे हैं, ऐसे में भाजपा के छुटभैया नेताओं की ओर से पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए पूरे शहर में अवैध होर्डिंग्स लगाया गया। इन होर्डिंग्स पर टैक्स अदा कर प्राप्त किया गया कोड नंबर कहीं भी नजर नहीं आता। इस टैक्स चोरी पर आयुक्त की चुप्पी इस बात को साबित करती हैं कि वे या तो भाजपा नेताओं से डर के चलते कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं या तो भाजपा नेताओं के साथ मनपा आयुक्त पालीवाल का कोई गहरा रिश्ता बना हुआ है। जनता को अब मनपा के इस नीति के खिलाफ खुलकर आवाज उठाना चाहिये। यह मसला गंभीर चिंतन का विषय है। 

भाजपा जिलाध्यक्ष कौन है ?
बीते सप्ताह ही भाजपा ने चंद्रपुर जिलाध्यक्ष पद पर हरिश शर्मा की नियुक्ति की थी। परंतु पूर्व जिलाध्यक्ष देवराव भोंगले शहर में लगे विशाल होर्डिंग्स में खुद के फोटो के आगे अपने आपको भाजपा जिलाध्यक्ष दर्शा रहे हैं। इसके चलते भाजपा का असली जिलाध्यक्ष कौन यह सवाल पूछा जा रहा है। घुग्घुस में आयोजित हो रहे इस आयोजन के होर्डिंग्स पर पद को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है।